21 दिसंबर 2011 - 20:30

सुन्नीबोर्ड आफ़ इण्डिया की ओर से भी निज़ामबाग़ में एक गोष्ठी का आयोजन कर इमाम को श्रद्धान्जलि अर्पित की गयी...

सुन्नीबोर्ड आफ़ इण्डिया ने भी किया गोष्ठी का आयोजन

भारत से अहलेबैत समाचार एजेंसी (अबना) संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार चौथे इमाम, इमाम ज़ैनुलआब्दीन (अ.) की शहादत की तारीख़ पर लखनऊ शहर के विभिन्न इमामबाड़ों और अज़ाख़ानों में मजलिस-मातम व शब्बेदारियों का आयोजन कर इमाम का ग़म मनाया गया। विभिन्न इमामबाड़ों में शबीहे ताबूत और तबर्रूकात की ज़ियारत कराई गयी। इसी सिलसिले में सीतापुर रोड स्थित शिया इण्टर कालेज में हुई मजलिस को मौलाना आबिस जरवली ने ख़िताब किया और फ़ज़ाएले आले मोहम्मद के बाद जब उन्होने इमाम की शहादत बयान की तो लोग अपने आंसू न रोक सके। मजलिस के उपरान्त इमाम का शबीहे ताबूत और अलम की ज़ियारत लोगों ने की तथा अज़ादारों ने नौहा ख़्वानी और सीनाज़नी की। शिया कालेज के बग़ल में स्थित एतिहासिक कर्बला नसीरुद्दीन हैदर में अलविदाई मजलिस के उपरान्त जुलूस समाप्त हुआ।
     सुन्नीबोर्ड आफ़ इण्डिया की ओर से भी निज़ामबाग़ में एक गोष्ठी का आयोजन कर इमाम को श्रद्धान्जलि अर्पित की गयी। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए शहाबुद्दीन ख़ान ने इमाम के जीवन पर विस्तार से रौशनी डाली।
      दौलतगंज स्थित सज्जादबाग़ में भी अन्जुमने सज्जादिया और स्थानीय लोगों की ओर से यौमें सय्यदे सज्जाद मनाया गया। रात लगभग 8 बजे तिलावते कलामे पाक से मजलिस का आग़ाज़ हुआ। मजलिस में मसाएबे इमाम सुनकर लोग अश्कबार हो गए। मजलिस के बाद प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आयी अन्जुमनों नें अपने-अपने अन्दाज़ से नौहाख़ानी की। इसके अतिरिक्त मशकगंज स्थित इमामबाड़ा डिप्टी इकराम हुसैन, विक्टोरिया स्ट्रीट स्थित इमामबाड़ा नाज़िम साहब और चौक मण्डी स्थित इमामबाड़ा आग़ाबाक़र सहित विभिन्न जगहों पर इमाम का ग़म मनाया गया।

........

166